नोएडा , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस ने आज घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र में थार और स्कूटी के बीच टक्कर हो गयी। स्कूटी पर नीरज (40), निवासी चिपियाना, थाना बिसरख अपनी पत्नी के साथ सवार थे। इटैड़ा गोल चक्कर के पास दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद स्कूटी सवार दंपति सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। नीरज की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार को कब्जे में ले लिया है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित