ग्रेटर नोएडा , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में सूरजपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी जबकि उसका साथी घायल हो गया।
पुलिस द्वारा सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 03 मई की रात में सनी सिंह निवासी ग्राम जैतपुर, अपने घर बिरोडी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह यूनिटेक हैबिटेट समिति चौकी क्षेत्र के अंतर्गत जुनपत के सामने स्थित सर्विस रोड पर पहुंचा, अचानक उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना गंभीर था कि सनी सिंह और उसका मित्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सनी सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी उपचार के बाद अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दुर्घटना मोटरसाइकिल फिसलने के कारण हुई है। घटना के बाद थाना सूरजपुर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित