नोएडा, सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-145 स्थित नलगढ़ा गांव के ऐतिहासिक गुरुद्वारा संगतसर में शहीदे-ए-आज़म भगत सिंह को रविवार के दिन उनके 118 वीं जन्मदिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जानकारी अनुसार यह गांव स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। यहीं पर भगत सिंह और उनके साथियों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ बम बनाने की गुप्त योजनाएँ तैयार की थीं। गुरुद्वारे परिसर में आज भी वह ऐतिहासिक पत्थर मौजूद है, जिस पर बम की सामग्री मिलाई जाती थी।

भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे महान क्रांतिकारियों ने नलगढ़ा गांव को अपना ठिकाना बनाकर देश की आज़ादी के लिए गुप्त रणनीतियाँ रचीं थी।

पंजाबी समुदाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। जहां सुबह गुरुद्वारा साहिब से शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे गांव की परिक्रमा कर पुनः गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुई। इस आयोजन में युवाओं की विशेष भागीदारी रही क्योंकि यह जिले का पहला ऐसा ऐतिहासिक आयोजन था, जिसने सभी को आकर्षित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित