नोएडा , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा जोन की फेज-दो थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि फेज-दो थाना पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा कट के पास, सेक्टर-88 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण उर्फ लेफ्टी पुत्र पप्पू बंजारा और मोहित पुत्र रामसिंह के रूप में हुई है।

आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बाइक चोरी कर उन्हें लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल करते थे और बाद में चोरी के वाहनों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर में कॉलोनियों, कंपनी क्षेत्रों, साप्ताहिक बाजारों और दुकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौका देखकर बाइक चोरी करने के बाद उनका इस्तेमाल लूट आदि की वारदातों में किया जाता था।

आरोपियों के पास अवैध हथियार भी रहते थे, जिनका इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए किया जाता था। चोरी किए गए वाहनों को बेचकर मिलने वाले पैसों से अभियुक्त आर्थिक लाभ कमाते और अपनी मौज-मस्ती करते थे।

पुलिस की जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी कृष्ण का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी की संपत्ति रखने, आर्म्स एक्ट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट तथा बीएनएस की धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरे आरोपी मोहित का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत फेज-दो थाना में कई मुकदमे दर्ज हुए। इसके अलावा वर्ष 2026 में दिल्ली और नोएडा में वाहन चोरी तथा अवैध हथियारों से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें कहां-कहां बेची गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित