नोएडा , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 76 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घटना की जानकारी देते हुए गौतमबुद्धनगर के अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई। दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग विशाल मेगा मार्ट के प्रथम तल पर लगी, जहां से तेजी से धुआं फैल गया। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन द्वारा आगे की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित