नोएडा , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस और संकट प्रतिक्रिया दल (सीआरटी) टीम ने स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से गांजा तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 21 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार बरामद की है।
पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और गिरोह से जुड़ी एक महिला आरोपी की तलाश जारी है।
सेक्टर 20 थाना पुलिस और सीआरटी टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान डीएनडी रोड, नोएडा सेक्टर-17 के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान, मनोज कुमार, प्रकाश शाह, मोहम्मद फिरोज और पप्पू कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अलग-अलग माध्यमों से ओडिशा से गांजा मंगाकर दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में उसकी तस्करी और सप्लाई करते थे। तथा इस नेटवर्क में एक महिला नूरी पत्नी साजिद भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
आमिर खान के खिलाफ वर्तमान मामले सहित दो मामले दर्ज हैं। मनोज कुमार पर एनडीपीएस एक्ट, जुआ अधिनियम तथा सरकारी कार्य में बाधा सहित पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। प्रकाश शाह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई पुराने मामले तथा आबकारी अधिनियम का मामला भी दर्ज है।
मोहम्मद फिरोज पर एनडीपीएस एक्ट के अलावा सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट जैसे मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
पप्पू कुमार पर भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित