नोएडा , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित राज एक्सप्रेस फर्नीचर कंपनी में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि 18 सितंबर को नोएडा सेक्टर-10, डी-162, राज एक्सप्रेस फर्नीचर कंपनी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंची तीन फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमक कर्मियों कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया। आग पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके का निरीक्षण भी किया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने से कंपनी में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने के कारणों की जानकारी भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। दमकल विभाग द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित