नोएडा , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा की पुलिस और मोबाइल फोन स्नैचिंग व चोरी के आरोपी के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-35 स्थित नाले के पास हुई इस घटना में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक स्कूटी, 12 मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) अभय कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि सेक्टर-24 थाने की टीम नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो कुछ दूरी पर स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई और वह गिर पड़ा। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। आरोपी की पहचान ग्राम मोरना (थाना सेक्टर-24, नोएडा) निवासी सोनू (28 वर्ष), पुत्र सीताराम के रूप में हुई है।
आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर चोरी व स्नैचिंग के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से चोरी की एक हीरो होंडा मेस्ट्रो स्कूटी भी जब्त की गई।
मौके से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी से राहगीरों के मोबाइल छीनने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित