नोएडा , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्नैचिंग के 12 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी दी, पुलिस ने कहा कि लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर-60 से अभियुक्त विनेश उर्फ राहुल पुत्र रमेश और सलमान पुत्र अरबी हसन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 12 मोबाइल फोन बरामद हुए, जो नोएडा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से छीने गए थे। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसका उपयोग ये वारदातों में करते थे।

जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल भी चोरी की है, जिसे दोनों अभियुक्तों ने मिलकर नोएडा थाना फेस वन क्षेत्र सेक्टर-तीन क्षेत्र से चुराया था। इस संबंध में फेस वन थाना पर पहले से मुकदमा दर्ज है।

दोनों बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी सलमान के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके अन्य आपराधिक मामलों व नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में सेक्टर-58 थाना पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं एवं शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित