नोएडा , अप्रैल 2 -- निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि पांच अप्रैल को महर्षि कश्यप जयंती पर मेरठ में प्रस्तावित रैली अब गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के नोएडा इंडोर स्टेडियम आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अब पूर्वांचल तक सीमित नहीं रही, बल्कि पश्चिमांचल समेत पूरे प्रदेश में निर्णायक भूमिका निभा रही है।
गुरुवार को नोएडा प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डॉ संजय निषाद ने पार्टी की बढ़ती ताकत का दावा किया। उन्होंने बताया कि पार्टी भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी है और अन्य राज्यों के चुनावों में भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभा रही है। डॉ. निषाद ने इस गठबंधन को भगवान श्रीराम और निषादराज के ऐतिहासिक संबंध जैसा बताया।
डॉ. निषाद ने दावा किया कि पार्टी द्वारा गोरखपुर और प्रयागराज में आयोजित रैलियां सफल रहीं, जहां मछुआ समाज ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने अधिकारों की मांग उठाई। 5 अप्रैल को मेरठ में प्रस्तावित रैली स्थल बदलने के पीछे उन्होंने दनकौर में एकलव्य से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अपने साथ हुए अन्याय को याद रखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों ने मछुआ समाज से वोट लेकर उन्हें उनका हक नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि निषाद, कश्यप, मल्लाह समेत कई पिछड़ी जातियों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है और रैली में गुर्जर समाज की भी बड़ी भागीदारी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित