नोएडा , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-121 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन माता सुभद्रा जी की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मंदिर समिति एवं संरक्षक द्वारा गुरुवार की रथ यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि रथ यात्रा को लेकर मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रथ यात्रा निर्धारित मार्ग से पूरे धार्मिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा जी के दिव्य रथ का दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। भजन-कीर्तन, शंखनाद और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा आपातकालीन सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
जिला प्रशासन भी रथ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें तथा रथ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग दें। धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक यह भव्य आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित