नोएडा , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक के गंदे नाले में कूदने की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर तक युवक का पता लगाने के लिए नाले में तलाशी अभियान चलाया जाता रहा।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, नाले में कूदने वाले युवक की पहचान रवि पुत्र विनोद, निवासी ग्राम जैनपुरा, थाना जलेसर, जनपद एटा, वर्तमान निवासी हरौला, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। रवि की उम्र करीब 29 वर्ष बताई जा रही है।

मौके पर मौजूद रवि की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पति के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद रवि गुस्से में घर से निकला और सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से की स्थिति में उसने नाले में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और फायर सर्विस को तत्काल रेस्क्यू के लिए लगाया गया। फायर सर्विस यूनिट के कर्मचारी नाले में उतरकर युवक की तलाश में जुटे रहे। नाले में पानी और गंदगी होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित