नोएडा , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा जोन के थाना फेस-दो पुलिस ने ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

सोमवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। यह कार्रवाई स्थानीय खुफिया की मदद से भंगेल गांव क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ नन्हे (19), निवासी प्रेम नगर, थाना नांगलोई, दिल्ली और करन सोलंकी (26), निवासी सभापुर, थाना लोनी, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो नकली गड्डियां बरामद कीं। इन गड्डियों में ऊपर और नीचे केवल 500-500 रुपये के असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में साधारण कागज भरा हुआ था। इसके अलावा 2500 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। वे उन्हें नकली नोटों की गड्डी दिखाकर ज्यादा रकम होने का लालच देते थे। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी लोगों से उनके कीमती जेवर या सामान लेकर मौके से फरार हो जाते थे। इस तरह वे सुनियोजित तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

इस संबंध में फेस-दो थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के लालच में न आएं और सड़क पर मिलने वाले किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित