नोएडा , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन को आपस में जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित 'स्काईवॉक' मार्ग के उद्घाटन से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) और नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) के दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच यात्रियों की आवाजाही पहले के मुकाबले अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।
रविवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने स्काईवॉक का उद्घाटन के पश्चात संवादाताओं को बताया कि करीब 460 मीटर लंबे इस स्काईवॉक का शुरू होना नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इससे रोजाना 20 हजार से अधिक यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। स्काईवॉक के माध्यम से यात्री बिना सड़क पर उतरे एक मेट्रो स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ-साथ सड़क पर पैदल चलने और यातायात के बीच से गुजरने का जोखिम भी कम होगा।
स्काईवॉक के शुरू होने से खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की मेट्रो सेवाओं के बीच इंटरचेंज करना पड़ता है। इस कनेक्टिविटी से दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच यात्री आवागमन को बढ़ावा मिलेगा और नोएडा में सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक पंकज सिंह द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद अधिकारियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में स्काईवॉक का औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद विधायक पंकज सिंह ने स्वयं स्काईवॉक पर पैदल चलकर इसकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जानकारी भी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित