नोएडा , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के फेस-तृतीय थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा सेक्टर-71 अंडरपास के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कैंटर वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस द्वारा रविवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि,घटना की सूचना मिलते ही फेस तृतीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके पर जांच करने पर सामने आया कि बाइक सवार युवक सेक्टर-71 की ओर से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को देखने के बाद उसे मृत घोषित किया गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना करने वाले कैंटर वाहन को कब्जे में ले लिया है। चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक के पास मिले सामान और दस्तावेजों के आधार पर पहचान की कोशिश कर रही है।

तथा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हादसे की सूचना मृतक के परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित