नोएडा , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश की नोएडा सेक्टर 113 थाना पुलिस ने नकदी और लैपटॉप लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट के 95 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इन बदमाशों ने कुछ समय पूर्व सेक्टर 113 क्षेत्र में एक दुकान से तमंचे के बल पर नकदी और लैपटॉप से भरा बैग लूटा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने टीम गठित कर तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिए छानबीन शुरू की थी। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस और इंटेलिजेंस यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया। हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित