नोएडा , सितंबर 01 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 63 छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर गांव के डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विधायक पंकज सिंह के कार्यालय का घेराव किया। पिछले चार दिनों से बिजली विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत डूब क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिजली के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इससे कई इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
विधायक कार्यालय घेराव के दौरान स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। घरों में पानी की मोटर, पंखे, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि उन्होंने कई साल पहले जमीन की रजिस्ट्री कराई थी और तभी से अपने मकानों में रह रहे हैं। उनका सवाल है कि यदि इतने वर्षों से बिजली की सुविधा मिल रही थी तो अब अचानक कनेक्शन काटने की कार्रवाई क्यों की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी अन्य इलाकों की तरह नियमित और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। लोगों ने सरकार और बिजली विभाग से पक्के बिजली मीटर उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
बताया जा रहा है कि डूब क्षेत्र में लंबे समय से एक प्राइवेट सिंडिकेट द्वारा कथित तौर पर अवैध मीटर लगाकर लोगों को बिजली की सप्लाई की जा रही थी। इस व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा।
शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से बिजली विभाग के अधिकारियों को कथित अनियमितताओं को लेकर फटकार लगाई गई थी। इसके बाद बिजली विभाग ने डूब क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया और पिछले चार दिनों से लगातार कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
लगातार बिजली कटने से नाराज स्थानीय लोग मंगलवार को विधायक पंकज सिंह के कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय का घेराव कर अपनी समस्याएं रखीं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि बिजली विभाग की कार्रवाई से पहले उनकी स्थिति और दस्तावेजों की जांच की जाए तथा उन्हें वैध तरीके से बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे सरकार से टकराव नहीं चाहते, बल्कि नियमों के तहत बिजली की सुविधा चाहते हैं। उनका कहना है कि जब वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके पास जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज हैं, तो उनके लिए बिजली की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित