नोएडा , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर की चकाचौंध एवं मिनी कनॉट प्लेस कहे जाने वाली नोएडा सेक्टर 18 स्थित मार्केट की मल्टीलेवल पार्किंग के सामने शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी होटल के सामने लगा ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आस पास के लोग सहम गए और वहीं ट्रांसफार्मर विस्फोट की चपेट में उसके नीचे से गुजर रहे दो राहगीर गंभीर रूप से झुलस गए, जिसमें से एक ही हालत नाजुक है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। और बचाव कार्य में जुट गई, गौतमबुद्धनगर अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची थी जिन्होंने झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद आग नहीं लगी लेकिन एहतियातन फायर ब्रिगेड ने कूलिंग ऑपरेशन चलाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आज दोपहर ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर ऊपर की ओर से फटा और उससे निकली चिंगारी और गर्म तेल की चपेट में पैदल जा रहे दो लोग आ गए। जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के चलते कुछ समय के लिए सेक्टर-18 क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने संबंधित विभाग को ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित