नोएडा , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में स्थित दो औद्योगिक इकाइयों में शनिवार को अचानक लगी आग पर दमकल कर्मियों ने काबू पा लिया है। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। आग सबसे पहले डी 139 (शौर्य एक्सपोर्ट) और इसके पास स्थित डी 140 (ईगल बिजनेस कॉर्पोरेशन, जो बैग बनाने का काम करती है) में लगी थी।
घटनास्थल पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी ने बताया गया कि इस दौरान मौके पर स्थानीय पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे। हमने आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया। हमारी प्राथमिकता हमेशा लोगों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा होती है। आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है और इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर 16 दमकल की गाडियों और आवश्यक कर्मियों की तैनाती की गई, जिनकी मेहनत से आग पर जल्द ही काबू पाया जा सका।
कंपनी अधिकारियों ने आग लगने के कारणों को तकनीकी समस्या से जोड़ा है लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
अग्निशमन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों के निवासियों और औद्योगिक इकाइयों से आग सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है। इस घटना के बाद अधिकारियों ने इलाके में अग्नि सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि प्रभावित इकाइयों की क्षति का आकलन जल्द ही किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए और औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस घटना ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित फायर ड्रिल और सुरक्षा उपाय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित