नोएडा , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा फेस दो थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर आमजन से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, एक अवैध चाकू और एक वैगनार कार बरामद की है।

सोमवार को पुलिस ने जानकारी दी कि फेस दो थाना पुलिस ने शातिर ठग अमीरुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर (30 वर्ष) को इलाहाबाद चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर एटीएम मशीनों की पहले रेकी करता था। वह ऐसे एटीएम चिन्हित करता था जहां सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं होता था।

आरोपी खासतौर पर उन एटीएम मशीनों को निशाना बनाता था, जहां नोएडा की कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी आने के बाद भीड़ रहती थी। वह एटीएम खराब होने का बहाना बनाकर लोगों का कार्ड बदल देता था और उनका पिन कोड देख लेता था। इसके बाद उन्हें नकली एटीएम कार्ड थमा देता था।

बाद में अन्य एटीएम पर जाकर असली कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर खातों से पूरी रकम निकाल लेता था। पकड़े जाने की आशंका पर लोगों को डराने-धमकाने के लिए वह अवैध चाकू भी साथ रखता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित