ग्रेटर नोएडा , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के नॉलेजपार्क थाना क्षेत्र स्थित एक पार्क में सोमवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई।
पुलिस ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट एवं फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवम पुत्र किशोरी (32) निवासी जनपद महोबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पार्क में युवक को फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल नॉलेजपार्क थाना पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित