नोएडा , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक यात्री बस में आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गयी।

बस दिल्ली से मुजफ्फरपुर, बिहार जा रही थी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने मौके से जानकारी देते हुए बताया कि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में बस में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बताया गया कि हादसे के समय बस में करीब 32 यात्री सवार थे। आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन विभाग और पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग किस वजह से लगी, इसका स्पष्ट कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित