नोएडा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-100 स्थित एक सोसाइटी में बुधवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान परमजीत सिंह पुत्र निरंजन सिंह निवासी ए-37, सेक्टर-35, नोएडा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह फिलहाल सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के एक फ्लैट में अस्थायी रूप से रह रहे थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परमजीत सिंह काफी समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इसी वजह से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उन्होंने आज सोसाइटी की 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय परिजन भी मौके पर मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित