नोएडा , जून 21 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक इकाई की फैक्ट्री में रविवार को अचानक भीषण आग लग जाने से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे ताकि आग आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक न फैल सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को भी नियंत्रित किया। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली थी। दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित