नोएडा , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के फेस दो थाना क्षेत्र के अंतर्गत भंगेल मार्केट में रविवार को एक निजी बैंक के एटीएम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने मौके से घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थाना फेस दो क्षेत्र के अंतर्गत भंगेल स्थित बैंक के एटीएम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एटीएम में आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और एटीएम को हुए संभावित नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित