ग्रेटर नोएडा , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव स्थित श्रीराम कॉलोनी में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर अपने दोस्त के किराए के कमरे में अचेत अवस्था में मिला था।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार शाम डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सूरज (17) अपने दोस्त आजाद के कमरे में अचेत अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं थे। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया गया कि सूरज अपने दोस्त आजाद और उसके भाई अरुण के साथ कुलेसरा गांव स्थित किराए के कमरे पर आया था।

पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलन करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित