ग्रेटर नोएडा , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक चलती इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सोमवार को पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि,घटना की सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और यातायात को सुचारू कराया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग बैटरी या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क पर चल रही थी तभी उसमें से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में चालक ने वाहन रोककर स्थिति समझने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित