नोएडा , सितंबर 08 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत होशियारपुर गली नंबर-2 में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलेक्ट्रिक्स सामान के गोदाम में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। गोदाम में फ्रिज, कूलर समेत अन्य इलेक्ट्रिकल सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की एक टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कुछ ही समय में आग को नियंत्रित कर लिया गया।
पुलिस और दमकल सेवा की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित