नोएडा , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेस वन थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल ग्यारह अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें पांच पिस्टल और छह देशी तमंचे शामिल हैं। इस कार्रवाई में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

गुरुवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, गुरुवार के दिन मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना फेस वन क्षेत्र में गंदे नाले की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई की गई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के चलते अभिषेक (21) निवासी ग्राम सोरखा, सेक्टर-115 और समीर (20) निवासी सेक्टर-27 को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। पिस्टल को चालीस से पैंतालिस हजार में खरीदकर पैंसठ से पिछहत्तर हजार में बेचते थे। देशी तमंचे चार से पांच हजार में खरीदकर दस हजार तक में बेचते थे।

आरोपी न केवल तस्करी करते थे, बल्कि हथियारों का शौक भी रखते थे और इन्हें दिखाकर इलाके में रौब जमाते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर ग्राहकों से संपर्क करते थे। जरूरतमंद लोगों को गुप्त तरीके से हथियार उपलब्ध कराए जाते थे, जिससे पुलिस की नजर से बचा जा सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित