नोएडा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में अवैध रूप से संचालित मादक (नारकोटिक) दवाओं के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) दिल्ली की संयुक्त टीम ने नोएडा सेक्टर-123 स्थित एक अवैध गोदाम पर छापेमारी कर लगभग 79 लाख 94 हजार 13 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित औषधियां बरामद की हैं। तथा गोदाम सील करते हुए कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गौतमबुद्धनगर औषधि निरीक्षक जयसिंह ने शुक्रवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि, 23 और 24 जुलाई की रात नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की चौकी सेक्टर-122 के अंतर्गत एक मकान, अंबेडकर सिटी, सेक्टर-123, कच्चा 30 फुटा रोड, नोएडा स्थित एक अवैध गोदाम पर संयुक्त छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान वहां से ट्रामाडोल एवं अल्प्राजोलम युक्त मादक दवाओं का भारी जखीरा बरामद हुआ।
बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत 79 लाख 94 हजार 013 आंकी गई है।इन दवाओं का अवैध भंडारण किया जा रहा था और इनके दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने शिव नारायण झा, पुत्र त्रिपत नारायण, निवासी , निराला ग्रीनशायर, ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन, सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तथा अमन शर्मा, पुत्र सुधीर शर्मा, निवासी विला संख्या-19, विहान विला फेज-1, सेक्टर-10, राजेश को ग्रेटर नोएडा पश्चिम क्षेत्र पायलट चौक के निकट मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी औषधियों के नमूने विधिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित कर परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित