नोएडा , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नशे के रूप में इस्तेमाल की जा रही भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 15 बोरों में भरी 3600 शीशी अवैध वनरेक्स 100 मिली कफ सिरप बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब सात लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हरियाणा नंबर की फार्च्यूनर कार को भी कब्जे में लिया है।
रविवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, शनिवार को सेक्टर 20 थाना पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर फिल्मसिटी से रजनीगंधा की ओर आने वाले मार्ग पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध फार्च्यूनर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 15 बोरों से 3600 शीशी अवैध वनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि बरामद कफ सिरप के प्रत्येक पांच एमएल में 10 एमजी कोडीन फॉस्फेट मौजूद है। इस सिरप का अत्यधिक मात्रा में सेवन करने पर नशे जैसा प्रभाव होता है, जिसके चलते इसकी अवैध तस्करी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों पीयूष वर्मा (25) और कपिल विश्वकर्मा (20) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी विष्णु कुशवाहा, शानू सिंह तथा कथित विक्रेता हीरा लाल की भूमिका भी सामने आई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस संबंध में सेक्टर 20 थाना में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों और अवैध दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित