नोएडा , नवंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

स्वाट टीम और बिसरख थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।

पुलिस के अनुमान के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 55 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

केंद्रीय नोएडा के पुलिस उपायुक्त श्री प्रवीन रंजन सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि, स्वाट टीम और बिसरख थाना पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना तथा बीट पुलिसिंग से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने निर्माणाधीन बिल्डिंग गोल्डन ग्रैंड रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आलम खान (30), वसीम (26) और लक्ष्य राठौर (19) के रूप में हुई है।

आरोपी उड़ीसा और अन्य क्षेत्रों से कम कीमत पर मादक पदार्थ खरीदकर नोएडा-एनसीआर में उसकी सप्लाई करते थे। तस्करी के इस कारोबार को छिपाने के लिए आरोपी विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में गांजे की पैकिंग करते थे। इसके बाद गांजे को कार के जरिए अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया जाता था। आरोपी टेलीग्राम एप और ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उनकी मांग के अनुसार घर तक गांजे की डिलीवरी करते थे। इस तरीके से वे लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में आलम खान पुत्र फूल मोहम्मद निवासी लोनी मुस्तफाबाद, थाना लोनी, गाजियाबाद शामिल है। दूसरा आरोपी वसीम पुत्र हाजी इस्माईल निवासी ग्राम रटोल, थाना खेकड़ा, बागपत का रहने वाला है। तीसरे आरोपी की पहचान लक्ष्य राठौर पुत्र रमाकान्त राठौर निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित