नोएडा , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उसके परिजनों से पैसों की मांग करने वाले दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि अनिल कुमार तिवारी , निवासी नोएडा सेक्टर-73 सर्फाबाद गांव मूल रूप से जिला जौनपुर के रहने वाले हैं। गत पांच सितंबर को पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे। जहां कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बंधक बना लिया और उनके पुत्र से पैसों की मांग की जा रही थी।

काफी समय तक पिता के वापस नहीं लौटने पर उनके पुत्र ने गत शुक्रवार को सेक्टर-113 थाना में गुमशुदगी की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

सेक्टर-113 थाना पुलिस ने अनिल कुमार तिवारी की बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया। इस संबंध में बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस टीम ने 11/12 सितंबर की रात में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र स्थित कच्चे रास्ते पर मुखिया मार्केट के पास दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों आशीष यादव उर्फ बाबा (25) और प्रवेश यादव उर्फ गोरे को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से बंधक बनाए गए अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित