नोएडा , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेंट्रल फेस तृतीय थाना पुलिस ने एक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब बारह लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से चोरी करने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के पंद्रह चोरी के लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब बारह लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सेंट्रल नोएडा जोन के फेस तृतीय थाना क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर चौराहे के पास से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान उर्फ कालू,अभिषेक कुमार, योगेन्द्र चौहान उर्फ लंका और अर्जुन के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा की गई जांच पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि ये गिरोह दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से लैपटॉप, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद इन सामानों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था और उससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित