नोएडा , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के 31 लैपटॉप, नकदी, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि, सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सोरखा गांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लविश कुमार, अंकित यादव और राजेन्द्र वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रात के समय चोरी की मोटरसाइकिल से निकलते थे और रेस्टोरेंट, मॉल तथा अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। आरोपी पहले छोटी टॉर्च से कारों के अंदर रखे लैपटॉप बैग की पहचान करते थे। इसके बाद पोर्टेबल शीशा तोड़ने वाली मशीन से कुछ ही सेकंड में वाहन का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर फरार हो जाते थे।
चोरी किए गए लैपटॉपों को आरोपी सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर निजी खर्चों में इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 31 लैपटॉप, तीन लैपटॉप बैग,शीशा तोड़ने वाली पॉकेट मशीन, टॉर्च,एक हेल्थ कार्ड, चौदह हजार रुपए नकद,फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लविश कुमार (22 ), अंकित यादव (24) और राजेन्द्र वर्मा (40) के तौर पर हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित