नोएडा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को पुलिस ने सर्विलांस तकनीक और केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के 108 कीमती स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।लंबे समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को जब उनके फोन मिले, तो उनके चेहरे खिल उठे।

नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त श्री अभय कुमार मिश्रा ने आज संवादाताओं को बताया कि,यह कार्रवाई गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन, उपायुक्त नोएडा श्री साद मिया खान के पर्यवेक्षण के नेतृत्व में की गई। 'मिशन शक्ति अभियान 6.0' और 'मिशन सहयोग' के अंतर्गत नोएडा सर्विलांस सेल नोएडा जोन के थाना सेक्टर-58 तथा अन्य थानों की पुलिस टीमों ने समन्वित प्रयास करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाया।

बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में गुम हुए थे। कई लोगों के फोन भीड़भाड़ वाले इलाकों और साप्ताहिक बाजारों में गिर गए थे। कुछ मोबाइल दोपहिया वाहन चलाते समय या सुबह-शाम टहलने के दौरान कहीं छूट गए थे। वहीं, कई लोगों के मोबाइल ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से यात्रा करते समय गुम हो गए थे।

मोबाइल फोन खोने के बाद संबंधित लोगों ने नोएडा जोन के विभिन्न थानों में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने उपलब्ध तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर मोबाइल फोन का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की।

गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने इन माध्यमों से आवश्यक तकनीकी जानकारी जुटाकर मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद करने में सफलता प्राप्त की। इसके बाद सभी 108 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।

केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के आधार पर गुम या चोरी हुए उपकरणों को ब्लॉक करने और उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने में सहायता करता है। मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में इसकी मदद लेना उपयोगी साबित हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित