नोएडा , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 49 पुलिस थाना ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाईस मोटरसाइकिल, दो स्कूटी, एक फर्जी नंबर प्लेट और अवैध शस्त्र बरामद किया है।

पुलिस शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गत गुरुवार को स्थानीय सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर 50 क्षेत्र के बिजलीघर के पास से अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ सलीम, दीपक और दिवाकर सरकार के रूप में हुई है।जिनसे बरामद वाहनों में कुछ मोटरसाइकिलें नोएडा सेक्टर 20 थाना ,दिल्ली अशोक नगर और दिल्ली पुल प्रहलादपुर में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाई गई हैं।

पुलिस द्वारा गिरोह से कड़ी कार्रवाई एवं पूछताछ के पश्चात सामने आया कि वे नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद सहित विभिन्न स्थानों पर रेकी कर वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को एकत्र कर किसी अनजान स्थान पर रखते और मौका मिलने पर राह चलते लोगों को बेच देते थे।

गिरफ्तार विशाल और दीपक के खिलाफ पहले से ही वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे सदस्य दिवाकर सरकार के खिलाफ सेक्टर 49 थाना में मामला पंजीकृत है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित