नोएडा , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस ने चोरी और स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, चोरी और स्नेचिंग के 12 मोबाइल फोन तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई की जानकारी दी और बताया कि,सेक्टर-58 थाना पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को नोएडा सेक्टर-62 जयपुरिया चौराहा से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजनीश पुत्र दशरथ, निवासी जनपद गाजियाबाद दीपक विहार,खोड़ा कॉलोनी,खोड़ा थाना,उम्र करीब 19 वर्ष तथा यश सिंह पुत्र महावीर सिंह, निवासी राजीव विहार, खोड़ा कॉलोनी, खोड़ा थाना जनपद गाजियाबाद, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों के अपराध करने के तरीके के बारे में अहम जानकारी मिली। आरोपी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही उनके मोबाइल फोन चोरी या स्नेचिंग कर फरार हो जाते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित