नोएडा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उससे उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती चरण में करीब पांच दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के अभियान में लगाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी तैयार रखे गए हैं। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की तत्परता के चलते कंपनी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है, जिससे राहत की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।
घटनास्थल पर फायर विभाग के साथ स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद है। सुरक्षा के मद्देनजर कंपनी के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल आग बुझाने का अभियान जारी है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित