नोएडा , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में सेंट्रल नोएडा जोन के फेस-तृतीय थाना क्षेत्र स्थित मामूरा गांव की गली नंबर-दो में बुधवार को एक चार मंजिला आवासीय भवन में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्क होने से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास खड़े कई वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगाें की मौत हो गयी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा घटना के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, तथा स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि जिस भवन में आग लगी वह चार मंजिला आवासीय इमारत है, जिसमें लगभग 50 परिवार रह रहे थे। फायर सर्विस और पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग से फैले घने धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान उत्पन्न स्पार्क से आग लगी, जिसने पास में खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित