नोएडा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में हनुमान मूर्ति के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बालक की मौत हो गई।

पुलिस ने घटना के संबंध जानकारी देते हुए बताया कि,घटना सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला स्थित हनुमान मूर्ति के पास हुई। स्कॉर्पियो सवार चालक ने बालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बालक की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के संबंध में मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-49 पुलिस ने संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, वाहन चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के लिए कौन-से कारक जिम्मेदार रहे, इसका निर्धारण जांच के आधार पर किया जाएगा। पुलिस की ओर से नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बालक की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित