नोएडा , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बरौला के पास रविवार को नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान साहिल (23) पुत्र सुरेश पाल के रूप में हुई। युवक मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला था और वर्तमान में बरौला में रह रहा था।
पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 49 थाना पर पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव बरौला के पास स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर जांच-पड़ताल करने के बाद शव को बाहर निकलवाया गया और नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस दौरान परिजनों ने बताया कि साहिल नशे का आदी था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में युवक नाले में गिर गया होगा और पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, अभी तक यह केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यक्त की गई आशंका है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित