नोएडा , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 113 थाना क्षेत्र स्थित सोरखा पुस्ता रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस को डॉयल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि किसी अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही सेक्टर 113 थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। जांच के दौरान मृतक की पहचान संजय राम (41) पुत्र विद्यानंद राम के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के श्रीपुर गांव का निवासी था और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र अंतर्गत पुस्ता पार, ग्राम सोरखा में परिवार के साथ रह रहा था। संजय राम बेलदारी (मजदूरी) का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से होना सामने आया है, जबकि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित