नोएडा , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर चार स्थित बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग की घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंची और आग की घटना में घायल हुए कर्मचारियों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी द्वारा गुरुवार को घायलों के हालचाल लेने के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि सभी घायलों का उपचार पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी घायल कर्मचारी को इलाज में किसी तरह की लापरवाही या असुविधा नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी उपचार में लगाई जाए और मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।
डीएम ने डॉक्टरों से प्रत्येक घायल की स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की प्रक्रिया और आवश्यक मेडिकल सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि घायलों के उपचार से जुड़ी सभी रिपोर्ट और जानकारी समय-समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपचार की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि मरीजों की स्थिति की जानकारी उनके परिजनों को नियमित रूप से दी जाए, जिससे परिवारजनों को किसी प्रकार की अनिश्चितता या चिंता का सामना न करना पड़े।
बताया जा रहा है कि सेक्टर चार स्थित बिजली मीटर निर्माण कंपनी में अचानक आग लगने से वहां काम कर रहे कई कर्मचारी झुलस गए थे। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय राणा, पुलिस अधिकारी और अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर घायलों के बेहतर उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित