नोएडा , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस दो थाना क्षेत्र के सेक्टर 83 स्थित एक कंपनी में काम के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है।

मृतक की पहचान शहजाद (32) पुत्र रहीसुद्दीन के रूप में हुई है। जो चरण सिंह कॉलोनी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद का रहने वाला है।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी और बताया कि सोमवार को थाना फेस दो पुलिस को मीमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर 83 स्थित एक कंपनी में टीन शेड खोलने का कार्य करते समय शहजाद का अचानक पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

हादसे के तुरंत बाद सहकर्मियों द्वारा घायल शहजाद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर फेस दो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक जांच में घटना कार्य के दौरान पैर फिसलने से हुए हादसे की प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित