नोएडा. , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में मध्य नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का संचालन करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारियों और उद्यमियों को ऑनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने तथा फर्जी प्रमाणपत्र दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, सिम कार्ड और विभिन्न दस्तावेज बरामद किए हैं।पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की जानकारी दी और कहा कि वादी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान इस फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी देशभर के व्यापारियों और उद्यमियों को फोन कर अपनी कंपनी के माध्यम से ऑनलाइन मार्केटिंग, नए खरीदार उपलब्ध कराने और विभिन्न प्रकार के फर्जी सर्टिफिकेट जारी कराने का लालच देते थे। इसके बाद उनसे मोटी रकम वसूलकर धोखाधड़ी की जाती थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सेक्टर-63 थाना क्षेत्रांतर्गत स्थित ए-135 भवन में संचालित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर गिरोह के संचालक रणबीर सिंह, उसके सहयोगी ललित कुमार तथा ज्योति को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणबीर सिंह (48 वर्ष), पुत्र युवराज सिंह, निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद; ललित कुमार (25 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी हिंडन विहार, ग्राम बरौला, थाना सेक्टर-49, नोएडा; ज्योति (33 वर्ष), पत्नी रणबीर सिंह, निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-63 थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, कॉल डिटेल, वित्तीय लेनदेन और साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक देशभर में कितने व्यापारियों और उद्यमियों को अपना शिकार बनाया तथा ठगी की कुल राशि कितनी है। पुलिस का मानना है कि जांच में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित