ग्रेटर नोएडा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें सोमवार 15 जून को शुरू हो रही हैं तथा पहले दिन चार आगमन और चार प्रस्थान मिलाकर कुल आठ उड़ानों की आवाजाही होगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर पहली उड़ान लखनऊ से आयेगी जो यहां सुबह 8.05 बजे लैंड करेगी। जाने वाली पहली उड़ान बेंगलुरु के लिए सुबह 8.35 बजे रवाना होगी। ये विशेष उड़ानें होंगी। इनके अलावा बेंगलुरु से नोएडा और नोएडा से लखनऊ के लिए भी पहले दिन विशेष उड़ानों का परिचालन किया जायेगा।
पहले दिन ही हैदराबाद और अमृतसर के लिए नियमित उड़ानों का परिचालन भी शुरू होगा। हैदराबाद से आने वाली उड़ान यहां सुबह 8.35 बजे लैंड करेगी और वापसी की उड़ान अपराह्न 2.50 बजे रवाना होगी। अमृतसर के लिए दैनिक उड़ान सुबह 10.10 बजे रवाना होगी और वहां से पहली उड़ान दोपहर बाद 1.20 बजे नोएडा पहुंचेगी।
पहले दिन सभी उड़ानें इंडिगो की होंगी।
इंडिगो अगले दिन 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और जम्मू के लिए नियमित उड़ानें शुरू करेगी। ये सभी दैनिक उड़ानें होंगी।
नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर भी 16 जून को नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करने वाली है। नवी मुंबई की उड़ान सुबह 10.15 बजे और बेंगलुरु की शाम 7.55 बजे रवाना होगी।
इंडिगो अगले चरण में 01 जुलाई से नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल और देहरादून के लिए दैनिक उड़ानें शुरू करेगी। लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए रोजाना दो-दो उड़ानें, बरेली के लिए सप्ताह में चार और किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें उपलब्ध होंगी।
इस हवाई अड्डे का निर्माण ज्युरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। यह दिल्ली के पालम स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा हवाई अड्डा है।
अभी दो ही विमान सेवा कंपनियों ने यहां से उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। हालांकि एयर इंडिय एक्सप्रेस के भी जल्द नोएडा से उड़ान शुरू करने की उम्मीद जतायी जा रही है।
फिलहाल इस हवाई अड्डे को अंतर्राष्ट्रीय यात्री उड़ानों के लिए मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए सभी घरेलू उड़ानें ही होंगी। हालांकि अंतर्राष्ट्रीय माल परिवहन के लिए एयरपोर्ट को मंजूरी मिल चुकी है।
अभी हवाई अड्डे के विकास का पहला चरण ही पूरा हुआ है। इसमें एक रनवे और एक टर्मिनल भवन के साथ परिचालन शुरू किया जा रहा है जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। कुल चार चरणों में इसका विकास किया जाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित