प्रयागराज , मार्च 28 -- भारतीय किसान यूनियन (भाकियूद्ध के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शनिवार को नोएडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे उत्तर प्रदेश और देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रयागराज पहुंचे टिकैत ने कहा कि देश की बढ़ती जनसंख्या और बढ़ते एयर ट्रैफिक को देखते हुए नए एयरपोर्ट की आवश्यकता स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलेगी और वर्ष 2041 तक यह एक विशाल एयरपोर्ट के रूप में विकसित होगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों की जमीन इस परियोजना में ली गई है, उन्हें उचित मुआवजा मिलना चाहिए।

प्रदेश सरकार द्वारा अयोध्या, काशी और मथुरा की तर्ज पर संभल के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि विकास में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार इस प्रक्रिया में साम्प्रदायिक मुद्दों को भी आगे बढ़ा रही है।

किसान नेता ने आरोप लगाया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संभल और मथुरा जैसे मुद्दों को चुनावी एजेंडा बना सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसी दल विशेष का समर्थन नहीं करती और उसके कार्यकर्ता अपने विवेक से मतदान करते हैं।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए टिकैत ने कहा कि चुनावी राज्यों में इस तरह की घटनाएं बढ़ती हैं और जनता अब इन राजनीतिक रणनीतियों को समझने लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित