नयी दिल्ली , जून 11 -- नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ने 15 जून को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होने से पहले ऑनलाइन बस टिकटिंग प्लेटफॉर्म रेडबस के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।

हवाई अड्डे की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस साझेदारी के तहत यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे इंटरसिटी बस सेवाओं तक सहज पहुंच मिलेगी।

देश में पहली बार किसी बस मोबिलिटी प्लेटफॉर्म और हवाई अड्डे के बीच इस प्रकार की साझेदारी की गयी है। इसका उद्देश्य अंतिम छोर तक संपर्क सुविधा को मजबूत करना है।

नोएडा एयरपोर्ट तक आने और यहां से जाने के लिए यात्री रेडबस से प्लेटफॉर्म पर आगरा, मथुरा, लखनऊ, देहरादून और चंडीगढ़ जैसे उत्तर भारत के शहरों के लिए बुकिंग करा सकेंगे। कुल 20 से अधिक प्रत्यक्ष इंटरसिटी बस सेवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।

इससे उड़ान से उतरने के बाद उनकी बस यात्रा अधिक विश्वसनीय और परेशानी-मुक्त होगी। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए एयरपोर्ट पर बसों के चढ़ने और उतरने हेतु एक समर्पित क्षेत्र बनाया गया है। यात्रियों की सहायता के लिए ग्राउंड सपोर्ट स्टाफ भी उपलब्ध होंगे।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि रेडबस के साथ यह साझेदारी यात्रियों को परिवहन के विश्वसनीय विकल्प उपलब्ध करायेगी। वे एयरपोर्ट से आगे की यात्रा आसानी से जारी रख सकेंगे। रेडबस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश संगम ने इसे उत्तर भारत में देश के विमानन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही इंटरसिटी बस कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित