लखनऊ , जून 15 -- जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने सोमवार को पहली व्यावसायिक उड़ानो सोमवार सुबह 7:55 बजे लखनऊ से पहुंची जहां उसे पारंपरिक वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरकर आई इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2278 तय समय पर 7:55 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। विमान के रनवे पर पहुंचते ही उसे पारंपरिक वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया। विमान के अंदर बैठे यात्रियों ने तालियां बजाकर इस ऐतिहासिक लैंडिंग का जश्न मनाया।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि वापसी में इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2279 शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होगी और रात 8 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इससे नोएडा और लखनऊ के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी शुरू हो गई है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के बाद अब अकासा एयर भी उड़ानें शुरू करने जा रही है। कंपनी मंगलवार, 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए दैनिक सेवा शुरू करेगी। इसके साथ ही अकासा एयर इस एयरपोर्ट से संचालन करने वाली दूसरी एयरलाइन बन जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट के पहले चरण में घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी गई है। ट्रायल रन और नियामकीय मंजूरी पूरी होने के बाद अब शेड्यूल्ड ऑपरेशन शुरू हो गए हैं। मांग बढ़ने के साथ क्षमता और रूटों का विस्तार किया जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव में कमी आने की उम्मीद है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के यात्रियों को अब जेवर तक सड़क यात्रा करके सीधी उड़ान मिल सकेगी। लखनऊ जैसे शहरों से आने वाले यात्रियों के लिए यह नया एयरपोर्ट दिल्ली पहुंचने का वैकल्पिक रास्ता भी देगा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में और एयरलाइनों और नए गंतव्यों को जोड़ा जाएगा। क्रू की ट्रेनिंग और स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत को यूपी और एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित